डीजीपी अशोक कुमार का तीन साल का कार्यकाल पूरा। नए डीजीपी अभिनव कुमार को मिली उत्तराखंड पुलिस की कमान। पूर्व डीजीपी अशोक कुमार ने नवनियुक्त डीजीपी अभिनव कुमार को गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में चार्ज सौंपा। अभिनव कुमार 12वें डीजीपी के रूप में तैनात हुए हैं। अशोक कुमार ने पारंपरिक रूप से पुलिस बैटन सौंपकर कहा कि उत्तराखंड पुलिस अब सक्षम हाथों में है। इसी के साथ अशोक कुमार आज पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो गए हैं।निवर्तमान डीजीपी की विदाई के बाद नवनियुक्त डीजीपी अभिनव कुमार ने मीडिया से बातचीत की और अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुखिया होने के नाते अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। प्रदेश में जघन्य अपराध से भी बड़ी समस्या ट्रैफिक की है। इसके लिए नए प्लान पर काम किया जाएगा।
नवनियुक्त डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि हर किसी की काम करने की शैली होती है। वह जिला पुलिस को काम करने की पूरी आजादी देंगे। किसी भी प्रकार से उनके सही काम में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, प्रदेश में ट्रैफिक, ड्रग्स और साइबर क्राइम बड़ी चुनौतियां हैं लेकिन बेहतर प्लानिंग से इन पर भी पार पाया जाएगा। पुलिस का नारा मित्र पुलिस का जरूर है लेकिन अपराधियों के लिए यह काल पुलिस साबित होगी।

