भारतीय सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड आगामी नौ दिसंबर को आयोजित होगी। पीओपी के लिए आईएमए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य परेड के पहले एसीसी ग्रेजुएशन सेरेमनी, कमांडेंट परेड और अवार्ड सेरेमनी, मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले किया जाएगा।पीआरओ आईएमए ले. कर्नल ईशा ठकराल ने बताया कि नौ दिसंबर को होने वाली पासिंग आउट परेड के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पीओपी के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। ग्रेजुएशन सेरेमनी में आर्मी कैडेट कॉलेज विंग के कैडेटों को जेएनयू की डिग्री दी जाएगी।उसके बाद एसीसी विंग के यह कैडेट अकादमी का हिस्सा बनेंगे। इसके बाद सात दिसंबर को कमांडेंड परेड व अवार्ड सेरेमनी और आठ दिसंबर को मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले का आयोजन किया जाएगा।आईएमए की पासिंग आउट परेड के मद्देनजर पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह डायवर्जन परेड से पहले रिहर्सल के दिनों में भी जारी रहेगा। मुख्य परेड और रिहर्सल के समय आईएमए की ओर मार्ग जीरो जोन रहेगा। इस तरफ कोई भी वाहन नहीं आएगा। विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने ड्यूटी लगा दी है। एसपी ट्रैफिक सर्वेश पंवार ने लोगों से इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

