
नगर निगम की ओर से एक एप तैयार किया है। जिसकी लॉचिंग रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास में की।अभी तक विभिन्न सेवाओं के लाभ के लिए नगर निगम में आम लोगों को इधर से उधर भटकना पड़ता था। अब निगम ने ऐसा एप तैयार किया है, जिसमें जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र, पशुुओं का रजिस्ट्रेशन एवं डेयरी रजिस्ट्रेशन, प्रॉपर्टी टैक्स, म्यूटेशन के लिए रजिस्ट्रेशन एवं सेल्फ एसेसमेंट सहित सभी सेवाओं को जोड़ा गया है। इससे अब एक क्लिक पर इन सभी सेवाओं का घर बैठे लाभ लिया जा सकता है।नगर आयुक्त मनुज गोयल ने बताया है कि एप के माध्यम से नगर निगम से संबंधित शिकायतों को दर्ज व इनका निस्तारण भी किया जाएगा। इस एप के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों के के निगरानी के लिए नगर निगम के किसी वरिष्ठ अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।इस एप के माध्यम से शिकायत कंप्यूटर के साथ ही फोन से भी कर सकते हैं। फोन से शिकायत करने के लिए मोबाइल पर गूगल प्ले स्टोर अथवा एप्पल प्ले स्टोर खोल कर एप डाउनलोड कर सकते हैं। एप डाउनलोड करने के बाद एप खोलें। उसमें जो विकल्प होंगे, उस पर क्लिक कर शिकायत का विवरण भेज सकते हैं। एप के माध्यम से नगर निगम से संबंधित सफाई, लाइट, पशु, घर-घर कूड़ा गाड़ी, नाली या सड़क संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। लोग अपने द्वारा की गई शिकायत का स्टेटस भी इस एप के माध्यम से देख सकते हैं। साथ ही अपना फीडबैक भी दे सकते हैं।सफाई संबंधित शिकायतों पर ध्यान केंद्रित करते हुए नगर निगम की ओर से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी शिकायत का निस्तारण 24 घंटे के अंदर हो जाए।