शुक्रवार से देहरादून में लगने जा रहा है देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल ,नामचीन हस्तियां करेंगी शिरकत,27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) में इस बार देश की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी।दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की इस वर्ष की थीम लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी रखी गई है। इसके तहत जीवन के अनुभवों, साहित्यिक विरासत और रचनात्मकता के सामाजिक प्रभाव पर विशेष चर्चा होगी। इस बार महोत्सव में एआर रहमान और इम्तियाज अली के बीच पहली बार होने वाला विशेष संवाद प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों पर चर्चा होगी। महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण दुआ-देहरादून यूनाइटेड आर्टिस्ट्स नाम से शुरू की जा रही नई पहल होगी।प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के चर्चित पहले उपन्यास द रूम ऑन द रूफ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर महोत्सव में विशेष आयोजन होगा। वर्ष 1956 में प्रकाशित इस उपन्यास की वर्षगांठ पर पहले दिन पेंगुइन इंडिया की ओर से इसका विशेष चित्रांकित चित्रकथा संस्करण जारी किया जाएगा।तीन दिवसीय महोत्सव में संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, प्रसिद्ध संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर समेत साहित्य, सिनेमा और कला जगत की कई हस्तियां अपने अनुभव साझा करेंगी।
