Black woman in handcuffs
बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव में बुजुर्ग महिला के घर हुई लूट की घटना की साजिश घर के केयरटेकर ने ही रची थी। उसने घर की पूरी जानकारी देकर अपने परिचितों को वारदात में शामिल किया और खुद दरवाजा खोलकर उन्हें घर के अंदर बुलाया। इसके बाद बुजुर्ग महिला और उनकी नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर सोने के आभूषण और नकदी लूट ली गई। पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवर और 15 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता केयरटेकर होशियार सिंह की तलाश की जा रही है।एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि, कांवली गांव निवासी रमेश कौर संधू ने 23 नवंबर को बसंत विहार थाने में घर से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान महिला और उनकी नौकरानी के बयान सामने आने पर पता चला कि वारदात चोरी नहीं, बल्कि लूट की थी। घटना की रात दोनों घर में सो रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी आंखों में स्प्रे डाल दिया और महिला के हाथों में पहने सोने के कड़े समेत अन्य आभूषण जबरन उतार लिए।इसके बाद घर में रखे जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र और पेंडेंट, सोने की अंगूठी, दो जोड़ी झुमकियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की कमर की तिकड़ी, सफेद मोती की माला, मोती जड़ा सोने का कड़ा और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
