उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार जल्द ‘बैणी-भुली योजना’ की शुरुआत करने जा रही है। इसके तहत अगले माह दिसंबर में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की जाएगी। सोमवार को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की कुल पांच लाख 23 हजार महिलाओं को इस योजना के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बैणी-भुली योजना उन महिलाओं को सीधा आर्थिक संबल देगी, जो स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर अपने परिवार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।योजना के तहत सरकार कुल 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में देगी। इसका लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को ही मिलेगा।
