Black woman in handcuffs
17 दिनों से लापता वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में संविदाकर्मी महिला लता भंडारी (42) पत्नी स्व. मोहित भंडारी, निवासी नुमाईशखेत और उसके भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू (39), निवासी कठायतबाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार की देर शाम नदीगांव रोड स्थित डिगर पातल की गहरी खाई से मृतक का सड़ी-गली अवस्था में शव, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और प्रयुक्त कार यूके 02 बी 3843 बरामद कर ली है। एसपी जितेंद्र मेहरा ने बताया कि 17 अक्तूबर की रात अधिवक्ता शराब के नशे में लता भंडारी के घर पहुंचे और जबरदस्ती करने लगे। विरोध में लता ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर दो वार कर दिए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अगले दिन महिला ने अपने भाई की मदद से शव को कार से ले जाकर थुणाई बैंड के समीप डिगर पातल की गहरी खाई में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में हत्या, हत्या के साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
