मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ एवं ‘विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047’ का लोकार्पण किया। यह पोर्टल एक परिवार, एक पहचान, एक प्लेटफॉर्म की अवधारणा पर आधारित है। पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। सीएम ने आगे कहा कि सरकारी योजनाओं में डुप्लीकेसी रोकने और लाभार्थियों के सत्यापन में भी इस पोर्टल के माध्यम से सहायता मिलेगी। इससे प्रदेश के प्रत्येक परिवार को विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी मिलेगी। साथ ही एक ही प्लेटफॉर्म पर परिवार का सामाजिक एवं आर्थिक विवरण भी दर्ज होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान भी आसान होगी।देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से इन समस्याओं को कम करने तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की पावन भूमि से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उनके इन शब्दों से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना से प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूती मिल रही है।
