उत्तराखंड के ग्रामीण व सीमावर्ती क्षेत्रों में 3,172 किमी लंबाई की 528 सड़कों और 19 पुलों का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चतुर्थ चरण के द्वितीय चरण के तहत राज्य सरकार के इन प्रस्तावों को अंतिम मूल्यांकन एवं स्वीकृति के लिए अधिकार प्राप्त समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।मुख्यमंत्री धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि योजना से दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री चौहान के अनुसार प्रस्तावों पर 30 सितंबर 2026 को तकनीकी-आर्थिक समिति की बैठक में विचार किया गया। आवश्यक अनुमोदन के बाद इन्हें अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने ग्रामीण सड़क संपर्कता मजबूत करने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना भी की।
