शांतरशाह चौकी क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का गाटर अचानक खिसककर दो कांवड़ यात्रियों के ऊपर गिर गया।पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की है। जब तनुज कुमार (21) निवासी छोटा हरिद्वार जलालाबाद थाना मुरादनगर जिला गाजियाबाद और कृष्णा (22) निवासी शकुरपुर मोदीनगर थाना भोजपुर गाजियाबाद यूपी, हरिद्वार से गंगाजल भरकर लौटते समय रास्ते में बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास रुक गए। यहां निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दोनों कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। पास में भारी लोहे के गाटर रखे हुए थे। इस बीच अचानक खिसककर एक गाटर दोनों यात्रियों के ऊपर आ गिरा। इसके नीचे दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों कांवड़ यात्रियों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। डीएम ने भी पुलिस और एनएचएआई से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है।
