कांग्रेस की न्याय यात्रा कल से शुरू होगी। चमोली जिले के बदरीनाथ धाम व अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर से न्याय यात्रा का आगाज किया जाएगा। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्र की यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि सरकार की गलत नीतियों और बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर 22 से 26 अक्तूबर तक गढ़वाल व कुमाऊं मंडल में न्याय यात्रा निकाली जाएगी।22 अक्तूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर यात्रा की शुरू की जाएगी। वहीं, कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा जिले के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश होते हुए यात्रा में शामिल सभी वरिष्ठ नेता 26 अक्तूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे और 27 को विधानसभा घेराव किया जाएगा।
