वीकेंड पर मसूरी, ऋषिकेश और देहरादून में पर्यटकों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने तीन दिन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बलोनी ने बताया कि इस व्यवस्था में दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के डाटकाली मार्ग से मसूरी जाने वाले वाहनों को आरटीओ चेकपोस्ट, ट्रांसपोर्ट नगर, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड चौक, कमला पैलेस, बल्लूपुर, कैंट तिराहा, सप्लाई डिपो, जोहड़ी तिराहा, पुरकुल गांव और कुठालगेट होते हुए मसूरी भेजा जाएगा। वैकल्पिक रूट के तहत ट्रांसपोर्ट नगर से लक्ष्मी धर्मकांटा, सेंट ज्यूड चौक, कमला पैलेस, बल्लूपुर, कैंट चौक, सर्किट हाउस, बीजापुर गांव, किमाड़ी और हाथीपांव होते हुए भी मसूरी पहुंच सकेंगे। प्रेमनगर की ओर से आने वाले वाहन बल्लूपुर, कैंट तिराहा, सप्लाई डिपो, किमाड़ी, लंबीधार, हाथीपांव और जीरो बैंड से मसूरी जाएंगे। चकराता जाने वाले वाहनों के लिए डाटकाली से ट्रांसपोर्ट नगर, जीएमएस रोड, सेंट ज्यूड चौक, नया गांव, सिंघनीवाला, न्यू देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर और लांघा रोड का रूट निर्धारित किया गया है। एंबुलेंस, पुलिस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा। पेट्रोल, दूध और गैस जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर क्रेन से टोइंग और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
