सड़क पर मलबा आने से यातायात बाधित, लक्ष्मणझूला डीएम कैंप कार्यालय से करीब 14 किमी दूर फूलचट्टी पटना वॉटरफॉल के समीप सुरंगीभेल में बुधवार सुबह करीब 5 बजे सड़क पर मलबा आ गया। मलबा आने से पर्वतीय क्षेत्र कांड़ी, यमकेश्वर, सिलोगी मोटर मार्ग के वाहन और नीलकंठ धाम आने जाने वाले वाहनों के पहिए थम गए। सड़क पर मलबा हटाने के लिए स्थानीय लोगों ने लोनिवि दुगड्डा उपखंड कार्यालय लक्ष्मणझूला को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही लोनिवि की टीम ने सड़क पर गिरे मलबे को जैसे ही हटाने का प्रयास किया वैसे ही अचानक पहाड़ी से ओर मलबा आ गया। इस मलबे में जेसीबी मशीन दब गई। जेसीबी मशीन पर मलबा गिरने से पहले जेसीबी ऑपरेटर ने कूदकर अपनी जान बचा ली। मलबे से जेसीबी मशीन का भी ब्रेक डाउन हो गया।उसके बाद लोनिवि के अधिकािरयों ने दूसरी जेसीबी मशीन की मदद से मलबे में फंसी पहली जेसीबी को बाहर निकाला, फिर उसके बाद जेसीबी मशीन सड़क पर गिरे मलबे की सफाई करने में जुट गई। इस दौरान नीलकंठ धाम जाने वाले वाहनों को थाना लक्ष्मणझूला पुलिस की टीम ने गरूड़चट्टी पर ही रोक दिया। साथ ही ऋषिकेश आने वाले वाहनों को पटना वॉटरफॉल से करीब एक किमी पहले रोक दिया गया।
