प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश और यात्रा मार्गों पर भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा का संचालन को अस्थायी तौर पर रोक दिया है।मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने बताया कि रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी जिले के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे की यात्रा कराई जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्तमान मौसम व मार्ग की स्थिति के मद्देनजर एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है। मार्ग सुरक्षित होने और परिस्थितियां सामान्य होने पर यात्रा का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। मौसम साफ होते ही यात्रा संचालित की जाएगी। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से प्रदेश में मौसम का रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन को देखते हुए सोमवार को एहतियात के तौर पर चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से कुछ समय के लिए रोकने का निर्णय लिया गया।
