हवाला लेनदेन की सूचना पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देहरादून और ऋषिकेश में कई विदेशी मुद्रा बदलने वाली संस्थाओं के कार्यालयों में छापे मारे हैं। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत ईडी की देहरादून शाखा ने यह कार्रवाई दिल्ली में भी की है। दी गई जारी जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मनी चेंजिंग गतिविधियों से संबंधित फेमा और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मास्टर डायरेक्शंस के उल्लंघन के मामले में की गई। ईडी को गोपनीय सूचना मिली थी कि विदेशी पर्यटकों की मुद्रा बदलने वाली लाइसेंसधारी फुल-फ्लेज्ड मनी चेंजर्स (एफएफएमसी), उनकी फ्रेंचाइजी और उनसे जुड़ी संस्थाएं फेमा और आरबीआई के मास्टर डायरेक्शंस के तहत निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। ये सभी संस्थाएं अनधिकृत विदेशी मुद्रा लेनदेन में संलिप्त थीं। साथ ही उनके हवाला लेनदेन में शामिल होने की भी आशंका थी। आरोप है कि अनिवार्य केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) मानकों, निर्धारित दस्तावेजी प्रक्रिया और बिलिंग नियमों का पालन किए बिना लाइसेंस व्यवस्था से बाहर विदेशी मुद्रा को बदला जा रहा है।
