मणिपुर के नुंगशांग खोंग इलाके में उखरुल में उग्रवादियों के हमले में असम राइफल्स के दो जवान अल्मोड़ा के वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और पौड़ी के हवलदार चंद्र मोहन सिंह बलिदान हो गए। इस घटना में अन्य जवान घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, नुंगशांग खोंग इलाके में सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे संदिग्ध उग्रवादियों ने अर्धसैनिक बल के काफिले पर गोलियां चलाईं। कांगपोकपी जिले के थिंगखोंगजांग कुकी गांव पररविवार शाम हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया, जिससे फिर से हिंसा भड़क उठी।असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा और बल के सभी अधिकारियों एवं जवानों ने अल्मोड़ा के वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और पौड़ी के हवलदार चंद्र मोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दोनों जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। बयान में कहा गया कि असम राइफल्स इस दुख की घड़ी में शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।
