Black woman in handcuffs
चंडी देवी मंदिर रोपवे मार्ग के पास जंगल में मिले अज्ञात महिला की हत्या की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस और सीआईयू ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 10 मई को चंडी देवी मंदिर के रोपवे के पास बंद पड़े पैदल मार्ग पर झाड़ियों के बीच एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शव बिना कपड़ों के था और चेहरा बुरी तरह सड़ चुका था। घटनास्थल से दो कुंडल, टूटा हुआ मंगलसूत्र, सफेद गमछा और महिला के गले में कसा हुआ ब्लाउज बरामद हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। शव की पहचान न होने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। प्रेम प्रसंग के चलते हुई इस हत्या में मुख्य आरोपी ने अपनी प्रेमिका को शादी का दबाव बनाने पर भाई और जीजा के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया था।पुलिस टीम ने करीब 600 घंटे की सीसीटीवी फुटेज, 1.64 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों और विभिन्न तकनीकी डाटा का विश्लेषण कर मामले का पर्दाफाश किया।एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी रामप्रकाश उर्फ गोविंदा के कौशल्या के साथ प्रेम संबंध थे। रामप्रकाश पहले से शादीशुदा था, लेकिन कौशल्या उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने कौशल्या को चंडी देवी के दर्शन कराने का झांसा देकर हरिद्वार बुलाया। सुनसान रास्ते पर ले जाकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंक दिया। आरोपियों को उम्मीद थी कि घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर शव मिलने पर महिला की पहचान नहीं हो सकेगी, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच के आगे उनकी योजना धरी रह गई।मामले में बांदा निवासी राकेश (25), रामप्रकाश उर्फ गोविंदा (20) और छेदीलाल (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया है।
