The dead man's body. Focus on hand
लापता होने के अगले दिन बरामद हुई एक किशोरी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजनों ने किशोरी के दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया। कांग्रेस व अन्य दलों के नेताओं ने भी मौत पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर की गोविंदपुरी कॉलोनी क्षेत्र से शुक्रवार शाम एक किशोरी टयूशन जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन रात तक नहीं लौटी। स्वजनों ने अपने स्तर से तलाश करने के बाद देर रात ज्वालापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। अगली सुबह किशोरी ने अपनी एक सहेली को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ कनखल सतीघाट पर है। सहेली से जानकारी मिलने पर स्वजन तुरंत कनखल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।रात में संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने पर स्वजन आनन-फानन में किशोरी को रानीपुर मोड पर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले में नया मोड़ आ गया। स्वजनों ने एक दिन पहले किशोरी को घुमाने ले गए उसके दोस्त व अन्य आरोपितों पर सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने डाक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई। शुरूआती छानबीन में जहर खाने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ करते हुए हर पहलू पर जांच शुरू कर दी गई है।पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों ने रिपोर्ट आने तक शव लेने से इन्कार कर दिया। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। स्वजनों का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद ही वह शव का अंतिम संस्कार करेंगे। तब पुलिस ने पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों से जानकारी लेते हुए स्वजनों को बताया कि प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत की बात सामने आई है। उसका विसरा भी सुरक्षित रख लिया गया है। काफी प्रयास के बाद स्वजनों ने शव लेने के लिए हामी भरी।
