मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण सशक्तीकरण और आधारभूत ढांचे के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री ने मां नंदा राजजात की तैयारियों, त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को वित्तीय हस्तांतरण तथा विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल लगभग 126.83 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां नंदा राजजात मार्गों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास को 3.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इससे चमोली जिले के थराली, कर्णप्रयाग, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों में पार्किंग स्थलों एवं विश्राम गृहों का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को कुल 89.41 करोड़ रुपये हस्तांतरित करने की स्वीकृति दी है। इसमें जिला पंचायतों को 13.74 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को 9.16 करोड़ तथा ग्राम पंचायतों को 66.51 करोड़ प्रदान किए जाएंगे।इसके अलावा विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 34.34 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इनमें थराली में बहुमंजिला पार्किंग, टिहरी गढ़वाल के घनसाली में बस स्टॉप निर्माण, पौड़ी गढ़वाल के यमेश्वर क्षेत्र में सिल्ला-कांडई मोटर मार्ग का द्वितीय चरण, राष्ट्रीय आयुष मिशन की निर्माणाधीन योजनाएं, रामनगर आवासीय परियोजना की पेयजल योजना तथा नैनीताल क्षेत्र के विद्यालयों की मरम्मत शामिल हैं।

