होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा संगठन स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली और बाद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होमगार्ड्स व सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भव्य रैतिक परेड देखना एक गौरवशाली पल है। परेड में राष्ट्रसेवा के प्रति जवानों के समर्पण, साहस और उत्कृष्टता शानदार झलक देखने को मिली। होमगार्ड जवान कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति के साथ प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।होमगार्ड्स को फिर से वर्दी भत्ता दिया जाएगा। उनकी अंतर जनपदीय ड्यूटी में मिलने वाले भोजन भत्ते को भी 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये किया जाएगा। इसके अलावा सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण भत्ते को भी 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स जवानों के कल्याण और संगठन के उत्थान के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। सरकार ने पहली बार होमगार्ड्स जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश देने की व्यवस्था की है। साथ ही महिला होमगार्ड्स के लिए प्रसूति अवकाश देने का निर्णय भी लिया गया है। होमगार्ड्स पुलिस और एसडीआरएफ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हैं। होमगार्ड्स जवान बरसात, ठंड, गर्मी जैसी हर परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण से करते हैं। होमगार्ड्स जवान, यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ कुंभ और कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में हाई एल्टीट्यूट भत्ता देने की व्यवस्था भी की गई है।

