
घर-घर कूड़ा उठान व्यवस्था बनाना नगर निगम के लिए चुनौती बना हुआ है।लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। हालांकि, अब नगर निगम जल्द इकोन वेस्ट मैनेजमेंट को बाहर का रास्ता दिखा सकता है। टेंडर फर्जीवाड़े के उजागर होने के बाद निगम में भी जांच की जा रही है।कूड़ा उठान नियमित न करने पर कंपनी को बाहर कर 26 वार्डों में नगर निगम खुद ही व्यवस्था संभालेगा। इसके साथ ही निगम को अब 73 वार्ड में कूड़ा उठान व्यवस्था स्वयं बनानी होगी।वाटरग्रेस कंपनी को बाहर कर नगर निगम 47 वार्डों में घर-घर कूड़ा उठान व्यवस्था संभाल रहा है और अब इन वार्डों में स्थिति में सुधार आने लगा है। हालांकि, इकोन को आवंटित 26 वार्डों में व्यवस्था दिन-ब-दिन पटरी से उतर रही है।कर्मचारियों को वेतन भुगतान समय पर न किए जाने और कूड़ा उठान वाहनों की निगरानी न होने के कारण वार्डों में 10 से 15 दिन में वाहन पहुंच रहे हैं। जिससे लोग नगर निगम को कोस रहे हैं। इसके अलावा इकोन कंपनी के टेंडर में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद कंपनी को हटाने की तैयारी की जा रही है।