
closeup of the feet of a dead body covered with a sheet, with a blank tag tied on the big toe of his left foot, in monochrome, with a vignette added
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में हुई गुरुद्वारे के सेवादार सुखपाल सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 18 मार्च की सुबह शाहपुर शीतला खेड़ा में माड़ी के पास सड़क किनारे एक अज्ञात शव पड़ा मिला था। कुछ घंटे बाद मृतक की शिनाख्त सुखपाल सिंह (49) पुत्र सीताराम निवासी शाहपुर शीतलाखेड़ा थाना पथरी के रूप में हुई थी। 19 मार्च को सुखपाल सिंह के भाई पवन सिंह ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कराते हुए अपनी भाभी और उसके प्रेमी पर शक जताया था।एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सुखपाल की पत्नी रितु और उसके प्रेमी रितिक निवासी ग्राम टांडा जीतपुर भिक्कमपुर लक्सर को बृहस्पतिवार की शाम हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। इसके बाद दोनों ने पूरा राज उगल दिया और सुखपाल सिंह की हत्या को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। बताया कि रितु के रितिक से अवैध संबंध थे। दोनों के संबंधों में सुखपाल बाधा बन रहा था। वह अक्सर दोनों के फोन पर बात करने को लेकर नाराज रहता था और पत्नी को मना करता था।बावजूद इसके दोनों चोरी छुपे बातचीत करते हुए मिलते थे। इसमें बाधा बनने पर दोनों ने मिलकर सुखपाल को रास्ते से हटाने का प्लान बना दिया। रितु के कहने पर रितिक ने सुखपाल की हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।