प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों से अब एक समान यूजर चार्ज लिया जाएगा। ओपीडी, आईपीडी पर्ची बनाने से लेकर बेड और एंबुलेंस का एक समान शुल्क किया गया। इसके लिए कैबिनेट ने मंजूरी ने दी है। एक समान यूजर चार्ज से मेडिकल कॉलेजों के अस्पतालों में कहीं दरें कम हुई है तो कहीं बढ़ोतरी हुई है।प्रदेश में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून, श्रीनगर, हरिद्वार, हल्द्वानी व अल्मोड़ा में संचालित हैं। इसके अलावा निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर व पिथौरागढ़ के संबद्ध चिकित्सालय भी संचालित हैं। इन मेडिकल कॉलेजों के अस्पतालों में मरीजों का पंजीकरण शुल्क, बेड, एंबुलेंस व अन्य पैथोलॉजी जांच की दरें अलग-अलग हैं। प्रदेश सरकार ने राजकीय चिकित्सालयों की तर्ज पर मेडिकल कॉलेजों के अस्पतालों में यूजर चार्ज की एक समान दरें लागू करने का निर्णय लिया है।मेडिकल कॉलेजों में जनरल वार्ड में प्रति बेड के 25 रुपये, प्राइवेट वार्ड में 300 रुपये और एसी वार्ड प्रति बेड के एक हजार रुपये शुल्क लिया जाएगा।राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एमआरआई, डायलिसिस की दरें केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) दरों के समान होंगी। एंबुलेंस का किराया पांच किमी. तक 200 रुपये होगा। इसके बाद प्रति किमी. 20 रुपये लिया जाएगा।

