
भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल कर सत्ता अपने पास बरकरार रखी। महाराष्ट्र जैसे राजनीतिक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में भाजपा गठबंधन की जीत उसका मनोबल बढ़ाने वाली है। महाराष्ट्र में भाजपा के साथ उसके सहयोगी दलों शिवसेना (शिंदे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी (अजीत पवार) ने अपेक्षा से अधिक बेहतर प्रदर्शन किया। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत इसलिए उल्लेखनीय है, क्योंकि कुछ माह पहले हुए लोकसभा चुनावों में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। लोकसभा चुनाव में उसके सहयोगी दल और विशेष रूप से अजीत पवार की एनसीपी को भी झटका लगा था। महाराष्ट्र के पहले भाजपा ने हरियाणा में भी जीत हासिल की थी और वह भी तब, जब कांग्रेस के लिए स्थितियां अनुकूल थीं। साफ है कि भाजपा फिर कांग्रेस पर भारी पड़ी।