ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में मानसून सत्र के तीसरे दिन विपक्ष की गैरमौजूदगी में 5013.05 करोड़ का अनुपूरक बजट, सात विधेयक पारित किए। वहीं, दो विधेयकों को प्रवर समिति को सौंपा गया। वहीं विपक्ष ने आपदा के मुद्दे पर सदन के बाहर और अंदर हंगामा किया। आपदा पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय न देने पर विपक्ष से सदन से वॉक आउट किया। तीन दिवसीय सत्र में सदन की कार्यवाही 18 घंटे 9 मिनट चली।विधानसभा में सत्ता पक्ष के विधायकों के विरोध में उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश) नगर निगम अधिनियम, 1959 संशोधन विधेयक सदन में पारित नहीं हो सका। सरकार को बिल प्रवर समिति के हवाले करना पड़ा। प्रवर समिति एक महीने में अपनी सिफारिशें देगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी प्रवर समिति के सदस्य तय करेंगी। इसके अलावा राज्य विवि विधेयक भी प्रवर समिति को भेज दिया गया। इस विधेयक पर भी सत्ता पक्ष के विधायक ने एतराज जताया। सदन में जब अपनी ही सरकार के विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष के विधायक सवाल उठा रहे थे, उस दौरान विपक्ष सदन से अनुपस्थित था।

