मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जलागम प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को राज्य में सूख चुकीं दो प्रमुख नदियों को नया जीवन देने की योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में दो नदियां चिह्नित करने के निर्देश दिए।बृहस्पतिवार को जलागम विभाग की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा करने के लिए वह इंदिरानगर स्थित जलागम प्रबंध निदेशालय पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वनाग्नि की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में जन सहभागिता से छोटी-छोटी तलैया बनाने के निर्देश दिए। कहा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ ही लोगों की आजीविका को बढ़ाने की दिशा में जलागम विभाग सक्रिय भूमिका निभाए।बैठक में बताया गया कि विश्व बैंक पोषित उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना को स्वीकृति मिली है। 1148 करोड़ रुपये की योजना 2024 से 2030 तक संचालित होगी। उत्तराखंड में चयनित सूक्ष्म जलागम क्षेत्रों में पर्वतीय कृषि को लाभदायक बनाना और ग्रीन हाऊस गैस को कम करना योजना का मुख्य उद्देश्य है।

