बालीवुड तथा दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत इन दोनों देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक यात्रा पर पहुंचे हैं। गुरुवार को वे ऋषिकेश से केदारनाथ धाम के दर्शनों के लिए रवाना हुए।रजनीकांत बुधवार देर शाम जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट से ऋषिकेश पहुंचे थे। उन्होंने अपने आध्यात्मिक गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा शीशमझाड़ी में स्थापित दयानंद आश्रम में रात्रि विश्राम किया। यहां उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती की समाधि पर मत्था टेका। उन्होंने संध्याकालीन गंगा आरती में भी शिरकत की।गुरुवार की सुबह वह गंगा दर्शन, गंगेश्वर महादेव में पूजन तथा गुरु की समाधि पर शीश नवाने के बाद यात्रा पर रवाना हुए। दोनों धामों के दर्शन के बाद रजनीकांत कुमाऊं के द्वाराहाट भी जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश के शीशमझाड़ी स्थित स्वामी दयानंद आश्रम से सिने अभिनेता रजनीकांत का गहरा रिश्ता है। वह समय-समय पर यहां आकर समय बिताते हैं।

