उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में प्रियांशी रावत ने शतप्रतिशत अंक लाकर न केवल प्रदेश में टॉप किया है, बल्कि यूपी और उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षाओं में अब तक के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने प्रियांशी की इस सफलता के लिए उनसे बात कर उन्हें बधाई देते हुए कहा, उसने राज्य का नाम रोशन किया है।उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं की परीक्षा के परिणाम ने बता दिया कि पहाड़ की बेटियां किसी भी मायने में कम नहीं है। बेटियों का प्रदर्शन छात्रों से लगातार तीसरी बार बेहतर रहा है। जेबीएस राजकीय इंटर कालेज गंगोलीहाट पिथौरागढ़ की छात्रा प्रियांशी रावत ने संयुक्त श्रेष्ठता सूची में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर पिछले सभी रिकार्ड ध्वस्त कर उत्तराखंड की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में सबसे अधिक अंक लाने वाली छात्राओं में अपना नाम दर्ज कर लिया है।

