पांच लोकसभा सीटों पर कुल 63 नामांकन आए हैं।लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन उत्तराखंड में 37 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इस तरह अब बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 30 तक नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।बुधवार को नामांकन का आखिरी दिन था। मंगलवार तक प्रदेश में 26 नामांकन आए थे, जिनकी संख्या बुधवार को बढ़कर 63 पहुंच गई। इनमें सबसे ज्यादा 21 नामांकन हरिद्वार लोकसभा सीट में हुए हैं। इनके अलावा गढ़वाल सीट में 13, टिहरी में 11, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर में 10 और अल्मोड़ा में आठ नामांकन हुए हैं।संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नमामि बंसल ने बताया कि बृहस्पतिवार को पांचों सीटों पर आए नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। सही जानकारी न होने पर नामांकन पत्र निरस्त किए जा सकते हैं। सीसीटीवी की निगरानी में नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच होगी। 30 मार्च को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी।

