कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी ने बैठक की। हरीश रावत, करन माहरा, यशपाल आर्य व प्रीतम सिंह इस दौरान बैठक में मौजूद रहे। पार्टी को उत्तराखंड की दो लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा करने की है।लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गढ़वाल, टिहरी और अल्मोड़ा सीट पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जबकि हरिद्वार और नैनीताल सीट पर प्रत्याशियों को लेकर पेच फंसा है। गढ़वाल सीट से गणेश गोदियाल, टिहरी से जोत सिंह गुनसोला और अल्मोड़ा से प्रदीप टम्टा को चुनाव मैदान में उतारा है। इसमें गोदियाल और गुनसोला पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, टम्टा तीसरी बार चुनाव मैदान में होंगे।हरिद्वार सीट से पूर्व सीएम हरीश रावत अपने बेटे वीरेंद्र रावत के लिए टिकट मांग रहे हैं, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा इस बात पर अड़े हैं कि यहां से हरीश रावत खुद चुनाव लड़े या फिर उन्हें मौका दिया जाए। नैनीताल सीट पर कई दावेदार होने से आपसी खींचतान चल रही है।

