मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रेस वार्ता कर बताया कि राज्य में लोकसभा चुनाव पहले चरण में होगा। इसके लिए 20 मार्च से नामांकन शुरू होकर 27 मार्च तक चलेंगे। नाम वापसी 30 मार्च तक होगी। राज्य में मतदान 19 अप्रैल को होगा, जिसके लिए 11729 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।उन्होंने बताया कि इस बार 43 लाख आठ हजार 904 पुरुष, 40 लाख 12 हजार छह महिला, 297 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा 93357 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 90763 पुरुष और 2594 महिला मतदाता शामिल हैं। एक प्रत्याशी के लिए चुनाव खर्च सीमा 95 लाख रुपये है। प्रेस वार्ता के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप शाह, नमामि बंसल, मस्तू दास भी मौजूद रहे।प्रदेश में इस साल एक लाख 45 हजार 220 युवा मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार ईवीएम का बटन दबाएंगे। इनमें 79796 पुरुष, 65415 महिला और नौ ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

