हरिद्वार और नैनीताल- ऊधमसिंह नगर सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा अब कुछ दिनों के लिए टल गई है। दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर पार्टी नेतृत्व को मशक्कत करनी पड़ रही है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में ही प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग सकेगी। 18 या 19 मार्च को प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं।कांग्रेस उत्तराखंड की इन दोनों सीटों पर अपनी संभावनाओं को बेहतर आंक रही है। भाजपा प्रदेश की सभी पांचों सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। ऐसे में प्रमुख प्रतिपक्षी पार्टी पर भी इस मामले में दबाव बढ़ गया है। पार्टी जातीय गणित के साथ ही मुस्लिम मतदाताओं से भी उम्मीद बांधे हुए है।हरिद्वार सीट पर कड़े संघर्ष को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को ही प्रत्याशी बनाने पर बल दिया जा रहा है। यद्यपि, स्वयं हरीश रावत अपने पुत्र वीरेंद्र रावत के लिए टिकट की पैरवी कर रहे हैं।

