शुक्रवार रात से चार धाम, हेमकुंड समेत हिमालय की चोटियों पर शुरू हुई बर्फबारी का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। निचले पहाड़ी क्षेत्र और अधिकांश मैदानी इलाकों में गरज के साथ वर्षा हो रही है।दून व मसूरी में भी रुक-रुक कर वर्षा हो रही है। पिछले 24 घंटे में देहरादून में 18.6 एवं मसूरी में 14.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। उच्च हिमालय क्षेत्रों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। केदारनाथ में ढाई फीट से अधिक बर्फ जमी है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। टिहरी जिले में रात से लगातार बारिश जारी है। गौचर, कर्णप्रयाग, आदिबदरी, नारायणबगड़, थराली में भी बारिश जारी है। केदारनाथ धाम सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। जबकि निचले इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। औली, वेदनी, रूपकुण्ड, बगची, थराली के ब्रह्माताल, भेंकलताल और गैरसैण के दूधातोली में जमकर हिमपात हो रहा है। यमुनोत्री धाम सहित आस-पास बर्फबारी तो बड़कोट तहसील क्षेत्र में तेज गर्जन के साथ रात भर बारिश हो रही है।प्रदेश के आठ जिलों में आज भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून के साथ उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी, हरिद्वार जिले में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं। इनके अलावा नई टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं तेज गर्जन और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है।

