चमोली जिले में तपोवन क्षेत्र के बाद अब रैणी गांव के जंगल आग से धधक रहे हैं। बृहस्पतिवार रात को अचानक जंगल में आग लग गई। शुक्रवार तक आग से जंगल का बड़े हिस्सा जल चुका था। वहीं वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे हैं, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज हैं कि आग को बुझाया नहीं जा सका।चमोली जिले में जंगल की आग की यह चौथी घटना है। हाल ही में चमोली जिले के पीपलकोटी, जोशीमठ के तपोवन क्षेत्र के जुग्जू, जुवाग्वाड़ के जंगलों में आग लग गई थी। अब नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अंतर्गत रैणी गांव के जंगलों में आग लग गई है। बृहस्पतिवार शाम से रैणी गांव का जंगल धधक रहा है।रैणी गांव के ग्राम प्रधान भवान सिंह राणा ने बताया कि जंगल में विभिन्न प्रजाति के पेड़-पौधे हैं, तेजी से फैलती आग से जंगल को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वनक्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि विभाग के कर्मचारी मौके पर आग बुझाने में जुटे हैं। आग सूखी घास पर लगी है, जिससे लपटें इतनी अधिक हैं कि वन कर्मी इसे काबू नहीं कर पाए हैं। आग को जल्द से जल्द बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।मध्य पिंडर रेंज थराली के वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल ने कहा कि असामाजिक तत्वों की ओर से जंगलों में आग लगाई जा रही है। जल्द आग बुझा दी जाएगी। आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने के लिए लिए टीम का गठन कर दिया गया है। पकड़ में आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

