कोटद्वार के कौड़िया स्थित विक्टोरिया क्राॅस गबर सिंह कैंप में रविवार से गढ़वाल मंडल के सात जिलों की अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गई है। पहले दिन चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी के पंजीकृत 714 युवाओं में से 70 फीसदी युवाओं ने अपना दमखम दिखाया।दौड़ में सफल युवाओं को अगले चरण की जांच के लिए आगे बढ़ा दिया गया। देर शाम तक इन युवाओं की फिजिकल और शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की गई। भर्ती के लिए काशीरामपुर तल्ला में बनाए गए प्रवेश द्वार पर रात तीन बजे से युवाओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी।रक्षा मंत्रालय के उत्तराखंड के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन 70 फीसदी युवाओं ने प्रतिभाग किया। सेना के अधिकारियों ने राष्ट्र की सेवा के प्रति युवा पीढ़ी के दृढ़ निश्चय की सराहना की। उन्होंने आगामी उम्मीदवारों को अपनी पहचान और पूर्ववृत्त के सत्यापन के लिए अपने आधार कार्ड को सक्रिय मोबाइल नंबरों से जोड़ने की सलाह दी है।

