मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को श्री सिद्धिविनायक मंदिर में भगवान गणपति के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और बप्पा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व एवं प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुंबई में आयोजित रोड शो के दूसरे दिन फिल्म उद्योग से जुड़े निर्माता, निर्देशक व कलाकारों संग बैठक कर उत्तराखंड में फिल्म उद्योग की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिनेमा जगत से जुड़े लोगों को 8-9 दिसंबर को देहरादून में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए भी आमंत्रित किया।सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश के अलावा बदरी-केदार और गंगा-यमुना जैसी सदाबहार नदियां हैं। कहा, प्रदेश में शूटिंग के लिए देश-दुनिया की सबसे सुंदर और बेस्ट डेस्टिनेशन हैं। नैनीताल, मसूरी, औली, चकराता, पिथौरागढ़, मुनस्यारी चोपता-हर्षिल, वैली ऑफ फ्लावर्स जैसे मनोहारी स्थान भी यहां मुहैया हैं।महानिदेशक सूचना व उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्याधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया, प्रदेश में फिल्मों की 75 प्रतिशत शूटिंग होने पर हिंदी फिल्मों के लिए 1.5 करोड़ रुपये, क्षेत्रीय फिल्मों के लिए 25 लाख रुपये तक की सब्सिडी और अन्य राज्य की भाषाओं के लिए फिल्मों को 15 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।

