मौसम सर्द होने के साथ ही दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता प्रभावित होने लगी है। धुंध बढ़ने के कारण दिन में मौसम का मिजाज बदला हुआ प्रतीत हो रहा है। जबकि इन दिनों प्रदेश में मौसम शुष्क है और बादल छाने के आसार न के बराबर हैं।बीते एक सप्ताह के भीतर ही दून का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 100 से बढ़कर 150 के करीब पहुंच गया है। जो कि सांस के रोगियों के लिए हानिकारक है। अगले कुछ दिनों में एक्यूआई में वृद्धि होने की आशंका है। जिससे सांस संबंधी परेशानी हो सकती हैं।इसके अलावा दून में जगह-जगह हो रही सड़कों की खुदाई के कारण धूल के गुबार भी उड़ रहे हैं। वातावरण में हल्की धुंध की परत छाने लगी है और एक्यूआई में वृद्धि हो रही है। नवंबर शुरू होने से पहले दून में एक्यूआई 100 से कम थी, जबकि अब यह 150 के करीब दर्ज की जा रही है। ऐसे में सांस संबंधी रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को दून की आबोहवा तकलीफ दे सकती है। आने वाले दिनों में इसमें और इजाफा होने की आशंका है।मौसम व प्रदूषण की निगरानी करने वाली संस्था एक्यूवेदर के अनुसार सोमवार को दून का एक्यूआई 144 रिकॉर्ड किया गया, जो कि एक सप्ताह पूर्व 98 आंका गया था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दीपावली के मद्देनजर कर रहा निगरानी पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में एक्यूआई की 24 घंटे थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग शुरू कर दी है।

