राजधानी दून में सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह आंधी के बाद अंधियारा छा गया और फिर जोरदार बारिश हुई। इस कारण दिन का अधिकतम तापमान नौ डिग्री गिरावट के साथ 20.8 डिग्री दर्ज किया गया। तेज हवाओं के साथ दिन भर तेज बारिश से लोगों ने गरम कपड़े निकाल लिए। शहर में कई जगह लोग अलाव जलाए हुए नजर आए।तड़के सुबह शुरू हुई बारिश का सिलसिला शाम करीब चार बजे तक जारी रहा। सुबह के समय करीब दस बजे काले बादल छाए जाने से दोपहर तक अंधेरा छा गया। दिन में अंधेरा होने से वाहन चालकों को सुबह के समय लाइट जलाकर चलना पड़ा। उधर इस दौरान कई बार जाम जैसी स्थिति भी बनी। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई है। तापमान की बात करें तो दिन का अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने के आसार हैं।मौसम के बदले मिजाज ने दून में तापमान के दो साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दून का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले साल 2021 में 16 अक्तूबर को दून का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो सोमवार को दून में सामान्य से 48 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई।
