मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नारी ज्ञान, विवेक और समृद्धि की आधारशिला है। वह समाज को दिशा देने के साथ ही भविष्य का निर्माण करती है और अपने सामर्थ्य से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति के बिना पहाड़ के जीवन और विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई गई, वहीं उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। आज विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित माताओं एवं बहनों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट कर स्वागत किया।
