देहरादून एयरपोर्ट के समीप बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला कर दिया। हाथी ने युवक को सड़क पर गिराने के बाद कुछ देर तक पैर से धकेला। इस दौरान युवक की जान पर बन आई। कुछ देर बाद हाथी डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए जंगल की ओर चला गया और युवक की जान बच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि हाथी कुछ देर और मौके पर रुक जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उल्लेखनीय है कि देहरादून एयरपोर्ट और ऋषिकेश मार्ग के दोनों ओर घने जंगल हैं। इस क्षेत्र में हाथियों का लगातार आवागमन बना रहता है।
