उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में धामी सरकार का अंतिम सत्र शुरू होगा। कार्यमंत्रणा की बैठक में तय एजेंडे के अनुसार पहले दिन सदन में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी व पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके साथ ही सरकार सात हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में सत्र कराने को प्राथमिकता दी है। इससे पहले फरवरी माह में बजट सत्र भी गैरसैंण में हुआ था और सबसे अधिक समय तक चलने का रिकॉर्ड बनाया था। चुनावी वर्ष में अंतिम सत्र भी धामी सरकार ने गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया है। हालांकि इस बार सत्र की अवधि दो दिन तय की गई है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है है। सरकार के साथ ही विपक्ष भी गैरसैंण पहुंच चुका है। सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को सदन में श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसमें पक्ष व विपक्ष के सदस्य अपने स्मरण साझा कर उन्हें याद करेंगे।
