गुरुवार को प्रेस कांंफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने 60 साल तक केंद्र और राज्यों में सरकार चलाई, उसे जनता ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश को पीछे धकेलने का काम किया। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से कांग्रेस को यह स्वीकार नहीं हो रहा है। धामी ने कहा कि कांग्रेस की सोच ऐसी रही है, मानो देश की सत्ता और संसद पर उसी का अधिकार हो।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश में जिस तरह के हालात बनाए गए, वे लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं। व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। इसका पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा।
