सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम में आई इस अचानक ठंडक ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया। बीते शनिवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और रविवार देर रात तक बारिश का दौर जारी रहा। इससे वातावरण में ठंडक बढ़ती चली गई। शाम होते-होते ठंड का अहसास और ज्यादा बढ़ गया ,लगातार बारिश से तापमान में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई और देहरादून में ठंड ने सितंबर के पिछले दस साल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। न्यूनतम तापमान गिरकर 18.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं दिन के तापमान में भी करीब नौ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बीते दस वर्षों के आंकड़ों की बात करें तो सितंबर में कभी भी न्यूनतम पारा इतने नीचे दर्ज नहीं किया गया। साल 1982 में 22 सितंबर को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया था यह अब तक का ऑल टाइम रिकॉर्ड है।
