सरकार की कैबिनेट बैठक चार अक्तूबर को पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा है। दूसरी ओर, विधानसभा सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच गैरसैंण में कराने की तैयारी भी शुरू हो गई है। बैठक में राज्य से जुड़े जरूरी मुद्दों पर चर्चा के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन समेत कई विभागों के प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। खास बात ये है कि चूंकि चंपावत मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है, इसलिए आगामी चुनाव के मद्देनजर यह अहम मानी जा रही है।उत्तराखंड का विधानसभा सत्र 26 अक्तूबर से पहले होना है। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा सत्र सरकार गैरसैंण में कराने जा रही है। इसके लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री धामी को अधिकृत किया हुआ है, जिनका निर्णय आना बाकी है। चुनावी वर्ष होने के नाते भी सरकार, गैरसैंण सत्र से विशेषकर पर्वतीय जिलों के मतदाताओं को साधने का प्रयास करेगी। संभावित तौर पर सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच होगा।
