अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को देहरादून में विभिन्न संगठनों ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर न्याय की मांग उठाई। महिला कांग्रेस ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कैंडल मार्च निकाला, जबकि अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा के बाद घंटाघर तक मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। वहीं, सीबीआइ कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन कर जांच की प्रगति और वीआइपी की भूमिका से जुड़े सवाल उठाए। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पहले अंकिता की स्मृति में ‘न्याय का दीप’ जलाया गया, फिर कैंडल मार्च निकाला ,रौतेला ने कहा कि अंकिता के परिवार को पूर्ण न्याय मिलने और मामले से जुड़े अनुत्तरित सवालों के जवाब सामने आने तक संघर्ष जारी रहेगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने भी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई।
