सचिवालय में समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों को जल्द भरा जाए। मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी भी अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करें और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। सड़क निर्माण व मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू सहित विभिन्न संक्रामक व जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को अस्पतालों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों व अन्य चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता का जायजा लेने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल.फैनई, डॉ.आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल समेत कई आला अफसर मौजूद रहे।
