बेसहारा कुत्तों के लिए हरिद्वार में शेल्टर होम बनेगा।राज्य सरकार ने नगर निगम हरिद्वार के अंतर्गत सराय स्थित नगर निगम एबीसी सेंटर में डाग शेल्टर निर्माण के लिए 1.05 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। शहरी विकास विभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार डाग शेल्टर के निर्माण की कुल स्वीकृत लागत 1.75 करोड़ 76 हजार रुपये है। इसमें से प्रथम किस्त के रूप में 1.05 करोड़ 46 हजार रुपये नगर निगम हरिद्वार को उपलब्ध कराए जाएंगे।निर्माण के बाद शेल्टर के रखरखाव, सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम हरिद्वार की होगी। शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी कराई जाए। कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण सामग्री का प्रयोगशाला परीक्षण भी अनिवार्य होगा। कार्यस्थल के निर्माण से पहले और बाद के फोटो-वीडियोग्राफ भी सुरक्षित रखने होंगे।
