उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें ताे 30 अगस्त तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसे ही रहने के आसार हैं।मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा पर्वतीय जनपदों के साथ ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए लोगों को मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
