Shooting a gun in night
पटेलनगर क्षेत्र में दो गुटों के विवाद के बाद पीछा कर रहे युवकों पर गोली चलाए जाने और इसके बाद शिमला बाईपास चौक पर दोबारा फायरिंग की घटना ने चिंता और बढ़ा दी है। इसमें एक युवक के घायल होने की बात सामने आई है। लगातार सामने आ रही घटनाएं बताती हैं कि युवाओं के विवाद में हथियारों का इस्तेमाल तेजी से गंभीर रूप ले रहा है।पटेलनगर में खड़े एक गुट के युवकों से विवाद करने कार सवार गुरमीत, अमन, रोहित नाम के युवक पहुंचे। यहां झगड़े के बाद कार सवार जाने लगे तो पीछे से डंडे लेकर कई युवक आए और उनमें से एक ने कार के पिछले शीशे (रियर विंड सील) पर डंडा मारकर कांच तोड़ दिया। इसके बाद कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। पटेलनगर में हुई झगड़े और फायरिंग की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद यहां से कार सवार तेजी से भागे तो सफेद रंग की बाइक और एक अन्य दो पहिया वाहन पर युवकों ने उनका पीछा किया। यहां से पीछा करते हुए शिमला बाईपास रोड पर पहुंचे जहां कार सवारों ने दोबारा फायरिंग की।फायरिंग की घटना की सूचना पर तुरंत सभी थानों को अलर्ट किया गया। सीमाएं सील कर सघन जांच शुरू की गई। पुलिस की तत्परता का नतीजा रहा कि चंद घंटे में ही एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त कार सीज कर दी गई।
