हरियाणा से आए पर्यटक देहरादून में टपकेश्वर मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। माता मणिमाई मंदिर लच्छीवाला हाईवे पर वाहन दुघर्टनाग्रस्त हो गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि हरियाणा से सात लोग बीते मंगलवार को हरिद्वार आए थे। हरिद्वार घूमने के बाद बुधवार की सुबह देहरादून स्थित टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए गए थे।दर्शन के बाद हरिद्वार होते हुए वापस हरियाणा लौटना था। जंगल में हाईवे के पास वाहन चालक सोमपाल को नींद आने लगी जिस पर उसे कई बार टोका भी गया। इससे पहले वह संभल पाता उनका वाहन सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस को मौके पर क्षतिग्रस्त वाहन के एयरबैग खुले मिले जबकि यूटिलिटी वाहन हाईवे पर 25-30 मीटर दूर डिवाईडर से टकराया। गंभीर घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। उपचार के दौरान अलग-अलग अस्पतालों में तीन अस्पतालों में चार लोग जिंदगी की जंग हार गए। विनोद को कैलाश अस्पताल, चालक सोमपाल को काेरोनेशन अस्पताल और नरेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में मृत घोषित किया गया। हादसे में चार लोगों की मौत और तीन लोग घायल हुए है।
